ARTICLE AD BOX
- प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के संस्थापक ब्रह्मा बाबा की 57वीं अव्यक्त पुण्यतिथि मनाई गई।
छपरा 18 जनवरी।प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के संस्थापक आदि पिता प्रजापिता ब्रह्मा बाबा की 57वीं अव्यक्त पुण्यतिथि सह स्मृति दिवस के अवसर पर शहर के गुदरी राय चौक स्थित ब्रह्माकुमारी केंद्र में भव्य एवं आध्यात्मिक समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सारण जिला सेवाकेंद्र की संचालिका ब्रह्माकुमारी अनामिका दीदी ने उपस्थित भाई- बहनों को संबोधित करते हुए कहा कि ब्रह्मा बाबा का संपूर्ण जीवन नारी सशक्तिकरण, आत्मज्ञान और विश्व शांति का जीवंत उदाहरण रहा है। उनका मानना था कि नारी अबला नहीं, बल्कि सबला है और समाज के नैतिक व आध्यात्मिक उत्थान में उनकी भूमिका सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि आज व्यक्ति बाहरी सुख-सुविधाओं में शांति की खोज कर रहा है, जबकि सच्ची शांति आत्मा का स्वधर्म है। आत्मा के प्रति निश्चय होते ही शांति के सागर परमपिता परमात्मा शिव से हमारा संबंध जुड़ता है और हम शांति का अनुभव कर विश्व में शांति का वाहक बनते हैं। अनामिका दीदी ने बताया कि ब्रह्मा बाबा की यह पुण्यतिथि विश्व शांति दिवस के रूप में भारत सहित 140 से अधिक देशों में मनाई जा रही है।
ब्रह्मा बाबा के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बीके अनामिका दीदी ने बताया कि उनका लौकिक नाम दादा लेखराज कृपलानी था। उनका जन्म 15 दिसंबर 1876 को सिंध के हैदराबाद में हुआ था। हीरे और ज्वेलरी के सफल व्यापारी रहने के बाद लगभग 60 वर्ष की आयु में उन्हें परमात्मा शिव बाबा के दिव्य साक्षात्कार हुए। वर्ष 1936-37 में उन्होंने अपनी संपूर्ण संपत्ति समाज सेवा के लिए समर्पित कर ट्रस्ट की स्थापना की, जिसका संचालन महिलाओं को सौंपा गया। 18 जनवरी 1969 को उन्होंने पार्थिव देह का त्याग कर कर्मातीत फरिश्ता स्थिति को प्राप्त की। कार्यक्रम के दौरान योग तपस्या, ब्रह्मा बाबा की जीवनी पर प्रकाश, श्रद्धांजलि सभा एवं अनुभव साझा किए गए। साधना के उपरांत प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। हालांकि सबसे पहले ब्रह्मा बाबा की प्रतिमा का अनावरण किया गया।परमपिता परमात्मा शिव पवित्रता का सागर है, जिसके द्वारा परमात्मा आदि सनातन देवी और देवताओं के पवित्र धर्म की स्थापना करा रहा है।
इस अवसर पर उपस्थित सभी भाई- बहनों ने ब्रह्मा बाबा की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में बीके अरविंद भाई, बीके अर्जुन, बीके सचिन, शहर की संगीत शिक्षिका प्रियंका कुमारी और कंचन बाला, सामाजिक कार्यकर्ता सह शिक्षिका डॉ अंजली सिंह, खुशबू ठाकुर, वरीय पत्रकार धर्मेंद्र रस्तोगी, बीके प्रियांशु, ज्योति, खुशबू, प्रिया, पिंकी, सहित अनेक बहनें एवं बीके राजा भाई सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।





















English (US)