ARTICLE AD BOX
बड़हरा।भोजपुर।प्रखंड अंतर्गत सिन्हा थाना क्षेत्र के कान्हा छपरा गांव से गंगा स्नान के दौरान लापता हुई 15 वर्षीय छात्रा को मध्यप्रदेश के सतना रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया गया है। छात्रा के सुरक्षित मिलने से परिजनों सहित पूरे इलाके ने राहत की सांस ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रेन से अकेले यात्रा कर रही छात्रा पर राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) की नजर पड़ी। संदेह के आधार पर पूछताछ किए जाने पर उसकी पहचान भोजपुर जिले के बड़हरा प्रखंड के कान्हा छपरा गांव निवासी संतोषी कुमारी के रूप में हुई। इसके बाद जीआरपी ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस व परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन छात्रा को लेने सतना के लिए रवाना हो गए।
बताया जाता है कि संतोषी कुमारी सोमवार को घर से गंगा स्नान करने की बात कहकर निकली थी। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। खोज के दौरान महुली गंगा नदी घाट के पास छात्रा की चप्पल व चादर मिलने से परिजन अनहोनी की आशंका जताने लगे थे। इसके बाद नदी में खोजबीन शुरू कर दी गई और एसडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया था।
छात्रा के बरामद होने की खबर मिलते ही परिजनों की चिंता खत्म हुई और गांव में खुशी का माहौल बन गया। पुलिस मामले की पूरी जानकारी जुटा रही है कि छात्रा किन परिस्थितियों में घर से इतनी दूर पहुंची। फिलहाल छात्रा सुरक्षित है, जो सबसे बड़ी राहत की बात है।





















English (US)