कोईलवर सोन नदी में 72 घंटे बाद डूबे हुए युवक का शव बरामद,पुलिस के खिलाफ सड़क जाम।

18 hours ago 25
ARTICLE AD BOX

कोईलवर/भोजपुर।थाना क्षेत्र के सोन नदी में स्नान करने दौरान डूबे युवक का शव समय पर बरामद नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीणों एवं परिजनों ने मंगलवार को पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने कोईलवर–बबुरा फोरलेन को पुराना हरिपुर के समीप जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। प्रदर्शन कर रहे लोग मृत युवक के शव की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम बुलाने और नदी में बड़े महाजाल से सर्च अभियान चलाने की मांग कर रहे थे।मिली जानकारी के अनुसार सड़क जाम सुबह करीब 11 बजे शुरू हुआ, जो दोपहर लगभग 3 बजे तक जारी रहा। इस दौरान फोरलेन सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम के कारण यात्रियों, स्कूली वाहनों और एंबुलेंस चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर पहुंची कोईलवर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन और ग्रामीण शव बरामद होने तक जाम हटाने को तैयार नहीं थे। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि नया हरिपुर के 65 वें बालू घाट के पास सोन नदी में स्नान करने के दौरान तीन युवक नदी में डूब गए थे। हादसे के पहले दिन स्थानीय गोताखोरों की मदद से एक युवक किशोर का शव नदी से बरामद कर लिया गया था। वहीं, एसडीआरएफ की टीम द्वारा दूसरे युवक गौरव का शव भी नदी से निकाल लिया गया था। हालांकि तीसरे युवक का शव घटनास्थल पर काफी खोजबीन के बावजूद नहीं मिल सका था। अंधेरा हो जाने के कारण सर्च अभियान को उस दिन स्थगित करना पड़ा। इसके बाद लगातार दूसरे दिन भी तलाश जारी रही, लेकिन सफलता नहीं मिलने से परिजनों की चिंता और आक्रोश बढ़ता गया। तीन दिन बीत जाने के बाद भी जब शव बरामद नहीं हुआ तो ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते रहे और एनडीआरएफ टीम बुलाने की मांग दोहराते रहे। स्थिति को गंभीर होता देख पुलिस प्रशासन ने महाजाल मंगवाया और स्थानीय गोताखोरों की मदद से फिर से सघन तलाशी अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने नदी से तीसरे युवक का शव बरामद कर लिया। शव मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के घर में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। शव बरामद होने के बाद पुलिस ने जाम समाप्त कराया और यातायात बहाल किया। पुलिस प्रशासन ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में मातमी माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने भविष्य में ऐसे हादसों से बचाव के लिए नदी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।