डॉ राहुल राज ने शिक्षकों के प्रोन्नति व जिला मे स्थानांतरण हेतु शिक्षा सचिव से की मुलाकात।

8 hours ago 12
ARTICLE AD BOX

सारण जिले के रिविलगंज प्रखंड के प्रखंड प्रमुख सह सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के सुयोग्य एवं कर्मठ प्रत्याशी डॉ राहुल राज ने शिक्षकों के समसामयिक समस्याओं के निराकरण हेतु बिहार के शिक्षा विभाग के सचिव से मुलाकात की। प्रखंड प्रमुख डॉ राहुल राज ने वार्ता के दौरान सचिव,माध्यमिक शिक्षा से लंबी अवधि से कार्यरत माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के प्रमोशन एवं जिला के भीतर स्थानांतरण से संबंधित कुछ व्यावहारिक कठिनाइयों की ओर ध्यान आकृष्ट करते हुए उसके त्वरित समाधान की मांग की। उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग, बिहार सरकार के संकल्प संख्या-07/प्र०, दिनांक 03.08.2025 (रिज़ोल्यूशन संख्या 4207, दिनांक 22.11.2025) के द्वारा कक्षा 9 से 10 के विशिष्ट शिक्षक/विद्यालय अध्यापक को कक्षा 11 से 12 के विशिष्ट शिक्षक/विद्यालय अध्यापक के पद पर प्रमोशन हेतु प्रावधान किया गया है। इसी क्रम में संकल्प संख्या-07/प्र०, दिनांक 03.08.2025 (रिज़ोल्यूशन संख्या 142) के अंतर्गत दिनांक 12.01.2026 से कक्षा 11 से 12 के विद्यालय अध्यापक/विशिष्ट शिक्षक के पद पर प्रमोशन (स्वैच्छिक उन्नयन) का भी प्रावधान किया गया है। 

डॉ राहुल राज ने शिक्षा सचिव को इस तथ्य से भी अवगत कराया कि माध्यमिक शिक्षकों के पदोन्नति के लिए रिक्ति की बाध्यता नहीं होनी चाहिए। शिक्षकों के अनुभव एवं वरिष्ठता के अनुरूप पदोन्नति न हो पाने से व्यापक असंतोष का भाव उत्पन्न हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि स्थानांतरण हेतु जिला के भीतर जिला पदाधिकारी को सक्षम प्राधिकारी बनाया गया है, किन्तु इसके बावजूद कई जिलों में अब तक इस संबंध में कोई ठोस पहल नहीं हो पाई है। डॉ राहुल राज ने सचिव (माध्यमिक शिक्षा)से शिक्षकों के पदोन्नति तथा जिले के भीतर स्थानांतरण के लिए जिला पदाधिकारी को स्पष्ट दिशा-निर्देश निर्गत करने की अपील की ताकि स्थानांतरण की प्रक्रिया सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध रूप से संपन्न हो सके। माननीय सचिव महोदय ने उपरोक्त सभी बिन्दुओं की ओर विशेष ध्यानाकर्षण करते हुए तथा सकारात्मक रुख अपनाते हुए शीघ्र ही दिशा निर्देश निर्गत कराने तथा इस कार्य को पूर्ण करवाने हेतु आश्वस्त किया। डॉ राहुल ने शिक्षकों के प्रति सकारात्मक रवैया के लिए माननीय सचिव को धन्यवाद ज्ञापित किया।